सक्ति में गुंजन एजुकेशन सेंटर की अनोखी पहल—शिक्षकों के कौशल उन्नयन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

सक्ति। गुंजन एजुकेशन सेंटर, सक्ती में संस्था के डायरेक्टर श्री नितिन सोनी द्वारा शिक्षकों के व्यक्तित्व एवं शिक्षण कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से एक विशेष शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला अपने आप में अनोखी रही, जिसमें प्रभावशाली शिक्षण के लिए पब्लिक स्पीकिंग और बेहतर संचार कौशल के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन मास्टर ट्रेनर एवं वक्ता अन्नपूर्णा पवार द्वारा किया गया, जो बलौदा बाजार जिले में अंग्रेजी विषय की व्याख्याता हैं। वे प्रबंधन विषय में शोधरत हैं और भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग तथा कैपेसिटी बिल्डिंग कमिशन से सर्टिफाइड मास्टर ट्रेनर हैं। इसके अलावा वे 13 से अधिक संचार एवं शिक्षण कौशल से संबंधित प्रमाणित कोर्स कर चुकी हैं तथा छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कवयित्री, लेखिका और स्तंभकार के रूप में भी जानी जाती हैं।
कार्यशाला में लगभग 25 शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, प्रभावी संप्रेषण और कक्षा में आत्मविश्वास के साथ पढ़ाने के तरीकों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। सत्र के पश्चात प्रतिभागी शिक्षकों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। शिक्षकों का कहना था कि यह प्रशिक्षण वर्तमान शिक्षण पद्धति में आ रही चुनौतियों को दूर करने में सहायक सिद्ध होगा।
आज के बदलते शिक्षा परिदृश्य में शिक्षकों के कौशल विकास और विद्यार्थियों के बेहतर अधिगम के लिए डायरेक्टर श्री नितिन सोनी द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय माना जा रहा है।



