लोहे की कढ़ाई में खाना पकाने से हो सकती हैं ये स्वास्थ्य समस्याएं, रहें सावधान

लाइफस्टाइल डेस्क। भारत में आज भी अधिकतर घरों में लोहे की कड़ाही में खाना पकाने की परंपरा है। माना जाता है कि इससे शरीर में आयरन की कमी दूर होती है और खून भी बढ़ता है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार इसके कुछ नुकसान भी हो सकते हैं, जिन पर ध्यान देना जरूरी है।
ज्यादा आयरन का सेवन हो सकता है नुकसानदायक
लोहे की कड़ाही से खाना बनाते समय भोजन में आयरन की मात्रा बढ़ सकती है। यदि लगातार अम्लीय या खट्टे खाद्य पदार्थ पकाए जाएं तो शरीर में आयरन की अधिकता हो सकती है, जिससे लिवर, हार्ट और पैंक्रियास पर नकारात्मक असर पड़ने की संभावना रहती है।
जंग लगने का खतरा
टमाटर, नींबू और इमली जैसी खट्टे पदार्थ लोहे के बर्तन से रिएक्ट कर सकते हैं, जिससे कड़ाही में जंग लगने की संभावना बढ़ जाती है। जंग लगे बर्तन में खाना पकाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
रख-रखाव में ज्यादा सावधानी जरूरी
लोहे की कड़ाही को हर उपयोग के बाद अच्छी तरह सुखाना जरूरी होता है, वरना उसमें नमी के कारण जंग लग सकती है। बार-बार साबुन से धोने पर इसकी प्राकृतिक कोटिंग भी प्रभावित हो सकती है, जिससे बर्तन जल्दी खराब हो जाता है।
खाने का स्वाद और रंग बदल सकता है
कुछ मामलों में लोहे की कड़ाही में बना खाना धातु जैसा स्वाद देने लगता है। साथ ही खट्टे खाद्य पदार्थों का रंग भी बदल सकता है, जिससे उनका आकर्षण कम हो जाता है।
खट्टे खाद्य पदार्थों से बचाव जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार लोहे की कड़ाही में नींबू, इमली और अचार जैसे अम्लीय पदार्थों का उपयोग करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे रासायनिक प्रतिक्रिया हो सकती है और पाचन से जुड़ी समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि लोहे की कड़ाही का उपयोग सावधानी के साथ किया जाए ताकि इसके फायदे मिलें और नुकसान से बचा जा सके।



