
भाटापारा:भाटापारा रेलवे स्टेशन के विकास एवं यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी को लेकर विधायक इंद्र साव ने रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। महाप्रबंधक अपने अधिकारियों के साथ स्टेशन निरीक्षण पर पहुंचे थे, इसी दौरान विधायक साव अपने कार्यकर्ताओं के साथ उनसे मिले और जनहित में मांगों को रखा।
ज्ञापन में विधायक साव ने बताया कि भाटापारा रेलवे स्टेशन न केवल बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का प्रमुख स्टेशन है, बल्कि मुंगेली, बेमेतरा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जैसे रेलविहीन जिलों के लिए भी सबसे नजदीकी स्टेशन है। यह स्टेशन बलौदाबाजार, बिलाईगढ़, कसडोल, नवागढ़ और भाटापारा सहित पांच विधानसभा क्षेत्रों की जनता को सेवा प्रदान करता है। जिले में संचालित बड़े सीमेंट उद्योगों के कारण भी इस स्टेशन का महत्व काफी बढ़ जाता है, बावजूद इसके यहां यात्री सुविधाओं की कमी बनी हुई है।

विधायक ने ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें हटरी बाजार एलसी गेट के पास बने आरयूबी मार्ग का डामरीकरण और बेहतर प्रकाश व्यवस्था, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करना, तथा प्रमुख ट्रेनों—राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, चेन्नई एक्सप्रेस और ओखा एक्सप्रेस—का भाटापारा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करना शामिल है।
इसके अलावा रायपुर-बिलासपुर के बीच अतिरिक्त लोकल ट्रेनों की शुरुआत, येलहांका एक्सप्रेस का पुनः संचालन, सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस का विस्तार, प्लेटफॉर्म पर कूलिंग सिस्टम, बैठने की व्यवस्था और ठंडे पानी की सुविधा बढ़ाने, नए प्लेटफॉर्म का उपयोग, स्पेशल ट्रेनों का स्थायी ठहराव, डेमू/मेमू ट्रेनों का संचालन, ऑटो स्टैंड, रेलवे कॉलोनी की ओर टिकट काउंटर तथा लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल रही।
रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांग्रेस के दिवाकर मिश्रा, आलोक मिश्रा, राजकुमार शर्मा, नानू सोनी, नितिन शुक्ला, मुकेश साहू, विक्की ठाकुर, हलधर शर्मा, मोहन निषाद, ओमप्रकाश यदु, हेमंत वर्मा, गोविंद साहू, शशांक बंजारे, विजय महिलांगे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



