सियासत में विजय की बड़ी छलांग, कल बन सकते हैं तमिलनाडु के नए CM

चेन्नई। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर चल रहा राजनीतिक गतिरोध अब समाप्त होता नजर आ रहा है। अभिनेता-राजनेता थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) ने राज्यपाल के समक्ष बहुमत का दावा पेश कर दिया है। शनिवार को विजय ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आर.वी. आर्लेकर से मुलाकात की और 120 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा।
सूत्रों के अनुसार, बहुमत साबित होने के बाद रविवार को विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसे तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। हालिया चुनाव में टीवीके ने 107 सीटें जीती थीं और बहुमत से पीछे रह गई थी। इसके बाद पार्टी ने अन्य दलों का समर्थन जुटाने के प्रयास तेज किए। कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई-एम, वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से विजय के नेतृत्व वाला गठबंधन 120 विधायकों तक पहुंच गया।
चुनाव परिणाम आने के बाद से ही राज्य में सरकार गठन को लेकर लगातार बैठकों और राजनीतिक चर्चाओं का दौर चल रहा था। विजय ने पिछले कुछ दिनों में कई बार राज्यपाल से मुलाकात की। शनिवार को सहयोगी दलों के नेताओं के साथ हुई बैठक के बाद उन्होंने अंतिम समर्थन सूची राज्यपाल को सौंप दी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सहयोगी दलों के समर्थन से विजय की सरकार का रास्ता साफ हो गया है। अब सभी की नजर संभावित शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हुई है, जिसकी तैयारियां भी तेज हो गई हैं।



