सिक्किम से यूपी तक पीएम मोदी का दौरा, कई बड़ी परियोजनाओं का होगा शुभारंभ

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 से 29 अप्रैल तक सिक्किम और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गंगटोक में सिक्किम के राज्य स्थापना की 50वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश में, प्रधानमंत्री गंगा एक्सप्रेसवे का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री 27 अप्रैल को दोपहर में गंगटोक पहुंचेंगे और अगले दिन पालजोर स्टेडियम में सिक्किम के राज्य स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे। सिक्किम में, वह कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और शिलान्यास रखेंगे। वह एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
उत्तर प्रदेश में पीएम मोदी का कार्यक्रम
28 अप्रैल प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश पहुंचेंगे और शाम करीब पांच बजे वाराणसी में महिला सम्मेलन में भाग लेंगे। वह लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे।
29 अप्रैल को वह वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा करेंगे। इसके बाद वह हरदोई जाएंगे और गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। गंगा एक्सप्रेसवे, देश में विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास में मील का पत्थर है। उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
मोदी लगभग 5,300 करोड़ रुपये की लागत वाली 112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। वह बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध आपूर्तिकर्ताओं को बोनस के रूप में 105 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी हस्तांतरित करेंगे।
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी जंक्शन-पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिसमें गंगा नदी पर एक रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण भी शामिल है।
वह दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।



