IPL में कोहली का जलवा जारी, ऐतिहासिक रिकॉर्ड किया अपने नाम

मुंबई: आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। इस मैच में Virat Kohli ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया और एक बड़ा टी20 रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB को फिल साल्ट और कोहली की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने तेज़ गति से रन बनाते हुए पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में 120 रनों की साझेदारी कर डाली, जिससे मुंबई के गेंदबाज दबाव में नजर आए।
इस साझेदारी के साथ ही कोहली ने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियों का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज Chris Gayle को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 46 शतकीय साझेदारियां दर्ज थीं। कोहली अब 47 ऐसी साझेदारियों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आज़म भी इस सूची में 46 साझेदारियों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
RCB की ओर से यह 120 रनों की ओपनिंग साझेदारी आईपीएल में टीम के लिए दूसरी सबसे बड़ी शुरुआती साझेदारी भी बन गई है। इससे पहले 2023 में फाफ डु प्लेसिस और कोहली ने मिलकर 148 रनों की रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी की थी।
फिल साल्ट ने इस मुकाबले में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 78 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे, और उनका स्ट्राइक रेट 216 से अधिक रहा।
टीम संयोजन की बात करें तो RCB ने इस मैच में एक बदलाव किया, जहां जोश हेजलवुड की जगह जैकब डफी को शामिल किया गया। वहीं मुंबई इंडियंस ने भी दो बदलाव किए—मिचेल सैंटनर की वापसी हुई, जबकि अल्लाह गजनफर को बाहर किया गया। इसके अलावा दीपक चाहर की जगह मयंक मारकंडे को मौका दिया गया।
मैच में दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली, लेकिन कोहली की ऐतिहासिक उपलब्धि ने इस मुकाबले को खास बना दिया।



