पटवारियों की हड़ताल को कर्मचारी अधिकारी संघ का समर्थन, बलौदा बाजार में काले कपड़े पहनकर निकाली आक्रोश रैली..

बलौदा : बलौदा भाटापारा पटवारियों की हड़ताल को अब छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी संघ ने भी समर्थन दे दिया है। बुधवार को संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने काले कपड़े पहनकर दशहरा मैदान से आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान पटवारियों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई और सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने के साथ 3 प्रतिशत डीए देने की मांग उठाई गई। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारी अधिकारी संघ के सदस्यों ने कहा कि पटवारी लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि पीवी एप से जुड़ी समस्याओं, वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति सहित अन्य मांगों को लेकर वे हड़ताल पर हैं। इसके बावजूद अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।
पटवारियों की हड़ताल का असर अब सरकारी कामकाज के साथ धान खरीदी व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। धान खरीदी के दौरान राजस्व विभाग से जुड़े कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में हड़ताल लंबी खिंचने पर किसानों और आम लोगों की परेशानियां बढ़ने की आशंका है। वहीं, कर्मचारी अधिकारी संघ ने पटवारियों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन में साथ देने की बात कही।

पटवारियों की हड़ताल को भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी समर्थन दिया। उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उनकी मांगों का समर्थन किया और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जाना चाहिए। मांगों की अनदेखी से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
आक्रोश रैली के माध्यम से कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया। अब देखना होगा कि आंदोलन के बीच सरकार की ओर से मांगों को लेकर क्या पहल की जाती है।



