RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

पुलिस का गोपनीय प्लान लीक करने के मामले में कार्रवाई, निरीक्षक विनीत दुबे सस्पेंड

Ro no 03

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय पुलिस रणनीति लीक होने के मामले में विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निरीक्षक विनीत दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस मामले में इससे पहले दो आरक्षकों पर भी गाज गिर चुकी है। अब निरीक्षक के निलंबन के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर को जारी निलंबन आदेश में निरीक्षक विनीत दुबे के खिलाफ कार्रवाई का आधार तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा संदिग्ध आचरण बताया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर की ओर से 30 अक्टूबर को इस संबंध में प्रतिवेदन भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में उनका आचरण विभागीय मर्यादाओं के विपरीत पाए जाने के बाद निलंबन का फैसला लिया गया।

निलंबन अवधि के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

गिरफ्तारी से पहले कैसे फरार हुआ शोएब ढेबर?

पूरा मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा है। इस प्रकरण में आरोपी शोएब ढेबर फरार चल रहा है।

पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति तैयार की थी। इसके तहत करीब आधा दर्जन ठिकानों पर एक साथ दबिश देने की योजना बनाई गई थी। लेकिन 3 अक्टूबर को पुलिस जब खम्हारडीह पहुंची, उससे पहले ही शोएब ढेबर वहां से फरार हो चुका था।

पुलिस की कार्रवाई से पहले ही आरोपी के फरार होने के बाद गोपनीय जानकारी लीक होने का संदेह गहराने लगा। इसके बाद पुलिस विभाग के भीतर ही संदिग्ध भूमिका की जांच शुरू की गई।

पहले दो आरक्षकों पर भी हो चुकी है कार्रवाई

गोपनीय पुलिस रणनीति लीक होने के मामले में इससे पहले रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को निलंबित किया था।

दोनों आरक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए थे। अब निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित किए जाने के बाद इस मामले में कार्रवाई का दायरा और बढ़ गया है।

पंकज बेग हत्याकांड को लेकर भी चर्चा में रहा नाम

निरीक्षक विनीत दुबे का नाम इससे पहले पंकज बेग हत्याकांड से जुड़े विवादों में भी सामने आ चुका है। हालांकि, मौजूदा निलंबन आदेश में होटल में शोएब ढेबर के साथ कथित सांठगांठ का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button