Instagram पर बदलेगा कंटेंट दिखाने का तरीका, अश्लील और हिंसक पोस्ट होंगी कम

नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर अब यूजर्स को अश्लील, हिंसक और भड़काऊ कंटेंट कम देखने को मिलेगा। भारत सरकार की सलाह के बाद Meta ने अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम में बदलाव किए हैं। नए नियमों के तहत Instagram की Reels और मेन फीड में ऐसे अकाउंट्स की आपत्तिजनक पोस्ट कम दिखाई देंगी, जिन्हें यूजर्स फॉलो नहीं करते हैं।
हालांकि, जो पोस्ट Instagram के नियमों का उल्लंघन नहीं करती हैं, उन्हें प्लेटफॉर्म से हटाया नहीं जाएगा। लेकिन ऐसी पोस्ट को यूजर्स के सामने रिकमेंड करना जरूरी नहीं होगा। यानी कोई कंटेंट प्लेटफॉर्म पर मौजूद रह सकता है, लेकिन उसकी पहुंच सीमित की जा सकती है।
AI से होगी पोस्ट की जांच
Meta के अनुसार, कंपनी ने पिछले एक साल में Instagram की डिफॉल्ट सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का इस्तेमाल किया जा रहा है। ये मॉडल किसी पोस्ट को यूजर्स के सामने रिकमेंड करने से पहले उसका आकलन करते हैं, ताकि आपत्तिजनक सामग्री की पहचान की जा सके।
भारत में इस सिस्टम को विशेष रूप से बेहतर बनाया गया है, जिससे अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को अधिक प्रभावी तरीके से पहचाना जा सके। Meta ने अपने ब्लॉग पोस्ट में दावा किया है कि एक साल पहले की तुलना में अब यूजर्स रिकमेंड किए गए कंटेंट की शिकायत लगभग आधी बार कर रहे हैं। हालांकि, कंपनी ने इसके समर्थन में सटीक आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं।
भारत सरकार की एडवाइजरी के बाद बढ़ी निगरानी
दरअसल, 10 अक्टूबर को केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने Meta को एडवाइजरी जारी कर उसके कंटेंट रैंकिंग और रिकमेंडेशन सिस्टम की समीक्षा करने की सलाह दी थी। मंत्रालय ने चिंता जताई थी कि सोशल मीडिया के एल्गोरिदम भ्रामक, छेड़छाड़ किए गए और संदर्भ से हटकर पेश किए गए कंटेंट को जरूरत से ज्यादा प्राथमिकता दे सकते हैं।
मंत्रालय ने ऐसी पोस्ट पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा था, जिनसे हिंसा भड़कने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने का खतरा हो सकता है। इसके अलावा यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई थी कि यूजर्स को लगातार किसी एक सीमित विचारधारा या नैरेटिव से जुड़ा कंटेंट ही न दिखाया जाए।
Meta ने सरकार की एडवाइजरी से सीधे नहीं जोड़ा बदलाव
हालांकि, Meta ने Instagram के एल्गोरिदम में किए गए इन बदलावों को भारत सरकार की एडवाइजरी से सीधे तौर पर नहीं जोड़ा है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि भारत से जुड़ी घटनाओं और मुद्दों पर आधारित पोस्ट को Instagram और Facebook पर रिकमेंड करने के तरीके में कोई बदलाव किया गया है या नहीं।
नए बदलावों के बाद Instagram पर यूजर्स को मिलने वाले कंटेंट की प्रकृति में बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर Reels और मेन फीड में आपत्तिजनक सामग्री की रिकमेंडेशन कम करने पर जोर दिया जा रहा है।



