प्रदेश की लाइफलाइन हुई मजबूत: 370 नई एम्बुलेंस को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर : छत्तीसगढ़ में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज 370 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं, जिससे प्रदेशभर में 108 सेवा अब और अधिक प्रभावी हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि अब शहरों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित इलाज मिल सकेगा।
नवजातों के लिए “चलता-फिरता ICU”
इस पहल की सबसे बड़ी खासियत पहली बार शुरू की गई 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंस हैं। ये विशेष एम्बुलेंस नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस “चलते-फिरते ICU” की तरह काम करेंगी, जिससे गंभीर हालत में बच्चों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हुआ है। उप-स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के विस्तार से अब लोगों को छोटे इलाज के लिए शहर नहीं जाना पड़ रहा।
उन्होंने भरोसा जताया कि 108 सेवा का यह विस्तार संकट की घड़ी में आम जनता के विश्वास को और मजबूत करेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस एम्बुलेंस
नई एम्बुलेंसों में बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी, ऑक्सीजन सपोर्ट, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, नेब्युलाइज़र समेत कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। वहीं नियोनेटल एम्बुलेंस में इन्क्यूबेटर, 24×7 ईएमटी, विशेषज्ञों की ऑनलाइन निगरानी और 41 प्रकार की जीवनरक्षक दवाएं मौजूद रहेंगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में नई पहचान
स्वास्थ्य मंत्री ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है जहां नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू हो चुकी है। साथ ही सेवा की निगरानी के लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम भी लागू किया गया है।





