RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

भाटापारा: 1 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को राहत, बकाया बिल में मिलेगी भारी छूट, 19 मार्च से लगेंगे शिविर

भाटापारा/बलौदाबाजारजिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। आर्थिक कारणों से बकाया बिजली बिल का बोझ झेल रहे उपभोक्ताओं को अब बड़ी छूट मिलने जा रही है। राज्य शासन द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत जिले के 1 लाख 19 हजार 72 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।

जानकारी के अनुसार जिले में कुल 55,190 बीपीएल, 52,788 घरेलू और 11,094 कृषि कनेक्शन उपभोक्ता इस योजना के दायरे में शामिल हैं। इन उपभोक्ताओं पर करीब 27 करोड़ 35 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। योजना के तहत बीपीएल परिवारों को मूल राशि में 75 प्रतिशत तक छूट मिलेगी, जबकि घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को 50-50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सभी वर्गों के उपभोक्ताओं को अधिभार (सरचार्ज) में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी।

उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए एकमुश्त या किस्तों में राशि जमा करने का विकल्प भी दिया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन अनिवार्य है, जिसे विभाग की वेबसाइट, मोबाइल एप या नजदीकी कार्यालय में जाकर कराया जा सकता है।

योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और पंजीयन के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) द्वारा 19 मार्च से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या अपने नजदीकी बिजली कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button