7 फरवरी को अमित शाह की छत्तीसगढ़ यात्रा, नक्सल समस्या पर होगी अहम मीटिंग

रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। शनिवार की रात वे रायपुर पहुंचेंगे और 8 फरवरी को राज्य में नक्सलवाद की स्थिति पर हाईलेवल सुरक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद वे बस्तर रवाना होंगे और वहां आयोजित पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
यह दौरा उस समय हो रहा है, जब केंद्र सरकार ने नक्सलवाद समाप्त करने की 31 मार्च 2026 की समयसीमा निर्धारित की है। अमित शाह ने इस डेडलाइन का ऐलान पहले सार्वजनिक रूप से किया था। इससे पहले वे 4 अक्टूबर 2025 को बस्तर दशहरा महोत्सव में शामिल होने बस्तर पहुंचे थे।
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और अब डेडलाइन तक लगभग दो महीने का समय बचा है। ऐसे में अमित शाह का दौरा नक्सल विरोधी अभियानों की आगे की रणनीति और दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
रायपुर में होने वाली बैठक में न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि तेलंगाना, महाराष्ट्र और ओडिशा के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा स्थिति, चल रहे ऑपरेशनों की प्रगति और खुफिया सूचनाओं पर भी विस्तार से चर्चा होगी। विशेष रूप से बस्तर संभाग में जारी एंटी-नक्सल अभियानों की समीक्षा इस बैठक का मुख्य एजेंडा रहेगा।
इस दौरे को नक्सल समाप्ति की समयसीमा से पहले अंतिम सुरक्षा और रणनीति समीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।



