RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर, कोरबा में 17 सेमी बारिश; आज इन इलाकों में वज्रपात का अलर्ट

रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का सिस्टम सक्रिय है। इसके चलते आज उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल

राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटे में कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी, डौंडीलोहारा में 7 सेमी तथा ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

वहीं लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दरीं में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई।

अंबिकापुर सबसे गर्म, दुर्ग रहा सबसे ठंडा

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

सामान्य से 9 फीसदी कम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 9 फीसदी कम है। राज्य के छह जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button