अन्य खबरेंछत्तीसगढ़बड़ी खबरराज्य

नगर निगम दुर्ग के नव निर्वाचित महापौर एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण सम्पन्न, महापौर अल्का बाघमार और 60 पार्षदों ने ली शपथ

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग के नव निर्वाचित महापौर एवं पार्षदों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आज नगर निगम परिसर में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सांसद विजय बघेल ने अध्यक्षता की।

समारोह में दुर्ग जिले की कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने महापौर अल्का बाघमार को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इसके बाद नवनिर्वाचित 60 पार्षदों ने वार्ड क्रम अनुसार 10-10 के समूह में शपथ ग्रहण किया।

भाजपा को भारी जनसमर्थन, विकास को मिलेगी गति

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि दुर्ग नगर निगम में कुल 60 पार्षदों में से 40 पार्षद भाजपा के निर्वाचित हुए हैं, और महापौर भी भाजपा की बनी हैं। यह स्पष्ट संकेत है कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा हमारे पास एक अनुभवी और सक्षम टीम है, जो शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में दुर्ग में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, और बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए हम शहर को नए आयाम तक पहुंचाएंगे।”

उन्होंने नव-निर्वाचित पार्षदों से अपने वार्डों में जनता से सीधा संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय रहने की अपील की।

नगर के गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व सांसद सरोज पाण्डेय, विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, ललित चंद्राकर, गजेंद्र यादव,  रिकेश सेन, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल एवं सुरेंद्र कौशिक सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

इसके अलावा, आईजी आर.जी. गर्ग, एसपी जितेंद्र शुक्ला, एडीएम अरविंद एक्का, नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल, एसडीएम  हरवंश सिंह मिरी सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button