RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

अरुण साव का बड़ा तोहफा, 32 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

महासमुंद। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने महासमुंद शहर को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। शहर के लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महासमुंद के नए बस स्टैंड को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने की घोषणा भी की।

शहरों के समग्र विकास पर सरकार का जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरों के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने शहरों की दशा और दिशा बदलने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य के छह जिलों को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।

महासमुंद को नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेशभर में 12,666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वहीं महासमुंद जिले में अकेले 468 विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने शहरवासियों से महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर का मान-सम्मान हर नागरिक का गौरव है और स्वच्छता के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

जनप्रतिनिधियों ने रखी विकास की मांग

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में महासमुंद लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने गौरव पथ, तुमगांव रोड, नहर लिंकिंग रोड और सिरपुर बैराज सहित स्वीकृत विकास कार्यों का उल्लेख किया।

विधायक ने शहर के विकास के लिए नए रिंग रोड, आधुनिक बस स्टैंड और नए कार्यालय भवन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने बढ़ती आबादी को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम में क्रमोन्नत करने की मांग रखी।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला स्काउट गाइड जिलाध्यक्ष येतराम साहू, मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

महासमुंद में विकास कार्यों के भूमिपूजन और नई घोषणाओं से शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button