तूफानी शतक के साथ श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, कई बड़े रिकॉर्ड किए ध्वस्त

नई दिल्ली। श्रेयस अय्यर की विस्फोटक शतकीय पारी और प्रभसिमरन सिंह के दमदार अर्धशतक की बदौलत पंजाब किंग्स ने 197 रन के लक्ष्य को महज 18 ओवर में हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। अय्यर ने नाबाद 101 रन की कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से बनाए रखा।
श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों में 11 चौके और 5 छक्कों की मदद से अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा। यह आईपीएल इतिहास में उनकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ पारी रही। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने 69 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस शतक के साथ अय्यर ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वह पंजाब किंग्स के लिए कप्तान के तौर पर शतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि केएल राहुल और एडम गिलक्रिस्ट हासिल कर चुके हैं।
इसके अलावा रन चेज करते हुए आईपीएल में शतक लगाने वाले कप्तानों की खास सूची में भी श्रेयस अय्यर का नाम शामिल हो गया। इस सूची में पहले से वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली और संजू सैमसन मौजूद हैं।
वहीं पंजाब किंग्स ने भी इस मुकाबले में बड़ा रिकॉर्ड बनाया। टीम ने आईपीएल के एक सीजन में 200 या उससे ज्यादा रन बनाने का कारनामा 9वीं बार किया और इस मामले में सनराइजर्स हैदराबाद की बराबरी कर ली।
श्रेयस अय्यर के इस शतक के बाद आईपीएल 2026 में व्यक्तिगत शतकों की संख्या 14 पहुंच गई, जो आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी है। इससे पहले आईपीएल 2024 में भी 14 शतक लगे थे।



