पुलिस का मोनो लगी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, नंबर प्लेट और सायरन गायब! आखिर किसकी है यह गाड़ी? ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी ने खड़े किए गंभीर सवाल, हादसे के बाद नंबर प्लेट और पुलिस की पहचान से जुड़े उपकरण कौन ले गया?

भाटापारा:- भाटापारा के ओवरब्रिज के नीचे बलौदाबाजार रोड पर छत्तीसगढ़ पुलिस का मोनो लगी एक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी सड़क पर खड़ी दिखाई दे रही है। हैरानी की बात यह है कि गाड़ी पर न तो नंबर प्लेट है और न ही उसके ऊपर पुलिस वाहनों में लगने वाला सायरन और लाइट नजर आ रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात तेज रफ्तार से जा रही यह गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। हादसे में चालक को चोट आई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि दुर्घटना के बाद गाड़ी से नंबर प्लेट, सायरन और ऊपर लगी लाइट निकालकर ले जाई गई।
सवाल यह भी है कि यदि यह हादसा दिन के समय हुआ होता तो क्या किसी बड़े जान-माल के नुकसान से इनकार किया जा सकता था? आखिर इतनी तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने की नौबत क्यों आई और दुर्घटना के बाद वाहन की पहचान से जुड़े जरूरी उपकरण किसके निर्देश पर हटाए गए?इस संबंध में जब भाटापारा एसडीओपी से फोन पर चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है, वे जानकारी लेते हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि गाड़ी पुलिस विभाग की है तो दुर्घटना के बाद उसकी नंबर प्लेट कौन निकालकर ले गया? क्या घटना की सूचना विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को दी गई थी? क्या दुर्घटनाग्रस्त वाहन का विधिवत निरीक्षण और पंचनामा हुआ?
और यदि यह गाड़ी पुलिस विभाग की नहीं है, तो फिर छत्तीसगढ़ पुलिस का मोनो लगाकर बिना नंबर प्लेट के इसे कौन चला रहा था? क्या पुलिस के नाम और प्रतीक का इस तरह इस्तेमाल करने की अनुमति किसी को है?
मामला केवल एक सड़क दुर्घटना का नहीं, बल्कि पुलिस की पहचान वाले वाहन के इस्तेमाल, उसकी वैधता और दुर्घटना के बाद अपनाई गई कार्रवाई पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि पुलिस विभाग इस मामले में वास्तविकता सामने लाता है या यह घटनाक्रम भी जानकारी नहीं होने के जवाब में दबकर रह जाएगा।



