रोजगार और वेतन बढ़ाने पर PM मोदी का जोर, भारतीय कंपनियों से की खास अपील

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय कंपनियों से कर्मचारियों के कल्याण पर विशेष ध्यान देने और उनकी संख्या के साथ वेतन में भी बढ़ोतरी करने की अपील की है। गुरुवार को राजधानी दिल्ली में फिक्की की वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को रोजगार के नए अवसर पैदा करने और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का पूरा ध्यान कारोबार को आसान बनाने पर है। वर्ष 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत थी, जिसे घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं, आज 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार व्यापार और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
कंपनियां बढ़ाएं रोजगार और कर्मचारियों का वेतन
पीएम मोदी ने उद्योग जगत से कर्मचारियों के कल्याण पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि कंपनियों को कर्मचारियों की संख्या और उनके वेतन में बढ़ोतरी करनी चाहिए। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ कर्मचारियों को बेहतर आर्थिक लाभ देने पर भी जोर दिया।
सरकार को खुलकर बताएं सुधार की जरूरत
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश इस समय ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर आगे बढ़ रहा है और सरकार उद्योग जगत के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है। उन्होंने पुरानी सरकारों के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि उद्योग जगत का पिछला अनुभव अच्छा नहीं रहा होगा, लेकिन मौजूदा सरकार उद्योगों के साथ दोस्ताना संबंध रखती है और उनकी बात सुनने के लिए तैयार है।
उन्होंने कंपनियों से बिना किसी संकोच के सरकार को लिखकर बताने की अपील की कि कारोबार को और बेहतर बनाने के लिए किन सुधारों की जरूरत है।
2047 के विकसित भारत में उद्योग जगत की भूमिका अहम
पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, उद्योग और देश के लिए समय-समय पर आत्मचिंतन करना जरूरी है। उद्योग जगत को यह तय करना चाहिए कि अगले 20 वर्षों में उसे क्या हासिल करना है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में वह किस तरह योगदान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक हालात में संसाधनों का इस्तेमाल हथियार के रूप में भी किया जा रहा है। ऐसे में भारतीय उद्योगों को उन क्षेत्रों में अपनी क्षमता बढ़ानी चाहिए, जिनकी मांग देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी है।
फार्मा और मिनरल सेक्टर में आत्मनिर्भरता पर जोर
प्रधानमंत्री ने फार्मा उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, लेकिन देश आज भी सक्रिय औषधीय सामग्री (API) और इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करता है। उद्योग जगत को विचार करना चाहिए कि इन उत्पादों का निर्माण देश में किस तरह बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इसी तरह कई अन्य क्षेत्रों में भी घरेलू उत्पादन और विशेषज्ञता बढ़ाने की जरूरत है। भारत को खनिज क्षेत्र में भी अपनी विशेषज्ञता विकसित करनी होगी, ताकि देश की जरूरतों को पूरा करने के साथ वैश्विक बाजार में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई जा सके।



