RO.NO. 01
राजनीति

बलौदाबाजार के ग्राम ढाबाडीह में पेट्रोल पंप सुपरवाइज़र पर बेल्ट, लाठी-डंडों से हमला;

बलौदाबाजार/ ग्राम ढाबाडीह में 9 अगस्त 2025 की रात नंदलाल फ्यूल पेट्रोल पंप के सुपरवाइज़र विनोद दुबे के साथ मारपीट की गंभीर घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के भतीजे कृष्णा वर्मा उर्फ राजा वर्मा (मंत्री के भाई दुर्गा वर्मा का पुत्र) ने अपने साथियों के साथ पेट्रोल पंप पहुंचकर किसी पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज की और फिर बेल्ट, लाठी-डंडों से हमला कर दिया|

घटना के दौरान पीड़ित को गंभीर मानसिक और शारीरिक चोटें आईं। पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की है।

घटना का तरीका:

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे पेट्रोल पंप के बाजू में स्थित ढाबे में बुलाकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसका मोबाइल फोन और जेब में रखे पैसे भी छीन लिए गए। विनोद दुबे का कहना है कि हमलावरों की संख्या 15–20 थी, लेकिन पुलिस ने केवल 3 लोगों को गिरफ्तार किया। FIR में लूट की धारा भी नहीं जोड़ी गई।

राजनीतिक बवाल:

यह मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल से सुपरवाइज़र की तस्वीर पोस्ट कर आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर मंत्री के रिश्तेदार आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। कांग्रेस ने तंज कसते हुए लिखा— “यह तस्वीर देखिए, अगला नंबर आपका भी हो सकता है।”

https://www.facebook.com/share/16wasGBGHK/

कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन इस तथ्य को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी मंत्री का भतीजा है। उन्होंने मांग की कि मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई हो।

वही मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा, “मुझे घटना की कोई जानकारी नहीं है। कानून से बड़ा कोई नहीं है और मैं गलत काम करने वालों का संरक्षण नहीं करता।

बलौदाबाजार की SP भावना गुप्ता ने बताया कि 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है। जांच के बाद उचित धाराएं जोड़ी जाएंगी।

पीड़ित का बयान:

विनोद दुबे ने बताया कि विवाद की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई थी, जब आशीष बघेल नामक युवक पेट्रोल पंप पर महिला ग्राहकों के सामने गाली-गलौज कर रहा था। उन्होंने इसका विरोध किया, जिसके बाद राजा वर्मा और उसके साथी बदला लेने आ गए और मारपीट कर दी।

घटना ने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि इलाके में राजनीतिक तापमान भी बढ़ा दिया है। ग्रामीणों और पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि दोषियों को जल्द सजा नहीं मिली तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button