रायपुर में बमबारी से दहशत, महिला के घर पर आरोपियों ने फेंके बम

Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला के घर पर बमबारी किए जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमले की झलक देखी जा रही है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार यह घटना रायपुर के हीरापुर स्थित वीर सावरकर नगर की बताई जा रही है। यहां रिंकू तिवारी नाम की महिला के घर पर सोनू पटेल और उसके साथियों द्वारा बम फेंके जाने का आरोप है। आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर चाकू लहराकर भी दहशत फैलाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि इस हमले में कुछ नकाबपोश लड़कियों की भी भूमिका सामने आई है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
पुरानी रंजिश का एंगल
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोनू पटेल और प्रार्थिया के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि करीब 6 महीने पहले प्रार्थिया के बेटे शुभम तिवारी पर आरोपी की नाबालिग बहन से छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद उसे जेल भी भेजा गया था और बाद में वह जमानत पर रिहा हुआ।
इसी पुरानी रंजिश को इस घटना की वजह माना जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में कबीर नगर थाना में सोनू पटेल और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी हुई है।
फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।



