RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर रायपुर में एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित

रायपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग द्वारा न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस रायपुर में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े शिक्षाविदों और प्राध्यापकों ने भाग लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को केवल कागजों तक सीमित न रखकर इसे प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कुलपति, कुलसचिव, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों से नीति का स्वयं गहन अध्ययन कर उसे व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। मंत्री श्री वर्मा ने राज्य स्तर पर संचालित समितियों द्वारा नियमित समीक्षा, जिला क्लस्टर व्यवस्था, टास्क फोर्स की बैठकें तथा विश्वविद्यालय स्तर पर प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रम में समावेशित कर विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, विरासत और मूल्यों से जोड़ना समय की मांग है। इसके तहत स्थानीय लोक कला एवं शिल्प कला को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा तथा भारतीय ज्ञान परंपरा पर विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन कर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से शिक्षा को रोजगारोन्मुख, नवाचारपरक और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा रहा है। उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की विस्तृत एवं बहुदिवसीय कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यशाला में विशेष अतिथि के रूप में भारतीय शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के अध्यक्ष अतुल कोठारी, राष्ट्रीय सह संयोजक डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, आईआईटी भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश, शिक्षाविद दिलीप केशरवानी एवं डॉ. नारायण गवांडकर सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा आयुक्त डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता अतुल कोठारी ने नीति में भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रम में सम्मिलित करने, क्रेडिट सिस्टम, मल्टीपल एंट्री एवं एग्जिट सिस्टम तथा टास्क फोर्स के गठन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। वहीं डॉ. राजीव प्रकाश ने नीति के व्यावहारिक क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए और डॉ. ओम प्रकाश शर्मा ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर नीति के क्रियान्वयन की प्रगति पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने समाधान किया।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button