भाटापारा के बजरंग वार्ड में गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप, बड़ा हादसा टला

भाटापारा| भाटापारा शहर के बजरंग वार्ड में उस समय अफरातफरी मच गई जब वार्ड निवासी सुशीला के घर में अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर फटने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाके के बाद घर में रखा सामान आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा शहर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सूझबूझ के साथ घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पाने का प्रयास सफल रहा, जिससे आग आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक दी गई।
भाटापारा शहर थाना प्रभारी अमित पाटले ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि घर और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।



