सोना-चांदी के दाम धड़ाम, बाजार में फिर आई गिरावट

मुंबई। घरेलू सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट दर्ज की गई। सोना 660 रुपये घटकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 1,200 रुपये फिसलकर 2.62 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
हालांकि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार के दौरान कीमतों में तेजी भी देखने को मिली। चांदी में लगभग 4 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई और यह 2.62 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार करती दिखी। वहीं सोना करीब 1.25 प्रतिशत चढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।
एक दिन पहले बुधवार को बाजार में जोरदार तेजी रही थी। चांदी 4,000 रुपये उछलकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, जबकि सोना भी मजबूत होकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार चला गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला। स्पॉट गोल्ड मामूली गिरावट के साथ 5,080 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि स्पॉट सिल्वर करीब 2 प्रतिशत टूटकर 82.2 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका के श्रम बाजार के मजबूत आंकड़ों ने निवेशकों की धारणा प्रभावित की है। बेहतर रोजगार डेटा से संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती से परहेज कर सकता है। इससे सोना और चांदी जैसी कीमती धातुओं में निवेश पर दबाव बढ़ा है।



