RO.NO. 01
देश

कांवड़ियों की दरियादिली ने जीता दिल, जनाजे के लिए चेन बनाकर दिया सुरक्षित रास्ता

मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर रविवार को सांप्रदायिक सौहार्द और इंसानियत की ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। सिवाया गांव में एक युवक की मौत के बाद उसका जनाजा हाईवे के दूसरी ओर स्थित कब्रिस्तान ले जाना था। इसी दौरान हाईवे पर हजारों की संख्या में कांवड़िये यात्रा कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए कांवड़ियों ने खुद पहल की और जनाजे को रास्ता देने के लिए अपना काफिला रोक दिया।

सिवाया गांव निवासी 40 वर्षीय निजाम की रविवार को अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों के सामने सबसे बड़ी चुनौती हाईवे पार कर शव को कब्रिस्तान तक पहुंचाने की थी। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण के चलते दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शिवभक्तों की भारी भीड़ मौजूद थी।

कांवड़ियों ने खुद संभाली जिम्मेदारी

परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही दौराला थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच जनाजा हाईवे के पास पहुंचा तो वहां मौजूद कांवड़ियों को पूरी स्थिति की जानकारी हुई।

कांवड़ियों ने बिना किसी विवाद के खुद आगे बढ़कर रास्ता बनाने की जिम्मेदारी संभाली। कुछ कांवड़ियों ने हाथों से इशारा कर अन्य शिवभक्तों को रुकने के लिए कहा। देखते ही देखते हाईवे पर आगे बढ़ रहा कांवड़ियों का विशाल काफिला थम गया।

मानव श्रृंखला बनाकर जनाजे को दिया रास्ता

कांवड़ियों के एक समूह ने हाईवे पर मानव श्रृंखला बनाकर सुरक्षित रास्ता तैयार किया। जब तक जनाजा सम्मानपूर्वक हाईवे पार कर कब्रिस्तान की ओर नहीं निकल गया, तब तक हजारों कांवड़िये शांतिपूर्वक अपनी यात्रा रोककर खड़े रहे।

जनाजा गुजर जाने के बाद कांवड़ियों ने फिर अपनी यात्रा शुरू की और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ आगे बढ़ गए।

भाईचारे और सौहार्द की मिसाल बनी तस्वीर

कांवड़ियों की इस पहल की स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि मुश्किल परिस्थिति में एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और इंसानियत को सबसे ऊपर रखने की यह घटना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सामने आई यह तस्वीर धार्मिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी सम्मान की मिसाल बन गई है। घटना की चर्चा इलाके में भी हो रही है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button