महंगाई का झटका: पेट्रोल और डीजल फिर हुआ महंगा

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण उत्पन्न ईंधन संकट के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। पांचवें दिन हुई इस वृद्धि के बाद मंगलवार से नई कीमतें लागू हो गई हैं। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।
नई दरों के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल अब 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा। तेल कंपनियों ने सोमवार देर रात पेट्रोल पंप संचालकों को बढ़ी हुई कीमतों की जानकारी दी।
इससे पहले शुक्रवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। उस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया था।
ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। माल ढुलाई महंगी होने से खाने-पीने की वस्तुओं सहित अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण तेल कंपनियां दाम बढ़ाने को मजबूर हैं। इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल जैसी सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि उत्पादन लागत और बिक्री मूल्य के बीच अब भी बड़ा अंतर बना हुआ है, ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस मूल्यवृद्धि का सबसे ज्यादा असर दैनिक यात्रा करने वाले लोगों, ट्रांसपोर्टरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा, जिनके खर्च में सीधा इजाफा होगा।



