मजदूर की मौत के बाद प्रशासन सख्त, गिट्टी क्रेशर प्लांट सील

बलरामपुर : बलरामपुर जिले में गिट्टी क्रेशर प्लांट में मजदूर की मौत के मामले के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। राजपुर थाना क्षेत्र के भिलाई खुर्द गांव स्थित क्रेशर प्लांट को प्रशासन ने सील कर दिया है।
बताया जा रहा है कि 17 मई को प्लांट में कार्य के दौरान एक मजदूर के ऊपर भारी लोहे की जाली गिर गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से दब गया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद प्रशासनिक टीम ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान श्रम विभाग, राजस्व विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने प्लांट में पहुंचकर कार्रवाई की। अधिकारियों ने इंडस्ट्रीज एवं हेल्थ सेफ्टी से जुड़े विभिन्न प्रावधानों और धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए गिट्टी क्रेशर प्लांट को सील कर दिया।

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



