RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

डीजी जेल हिमांशु गुप्ता के कर कमलों से केंद्रीय जेल, रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य की प्रथम महिला खुली जेल (वीमेन ओ.सी.आई.) का शुभारंभ

रायपुर। महिला बंदिनियों को रोजगार और सामान्य सामाजिक जीवन से जोड़ने की दिशा में छत्तीसगढ़ में नई पहल की गई है। रायपुर केंद्रीय जेल में प्रदेश की पहली महिला ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन (OCI) की शुरुआत हुई है। डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने इस नई व्यवस्था का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी खुशबू मिश्रा सहित जेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

25 महिला बंदिनियों के लिए व्यवस्था

रायपुर केंद्रीय जेल में मौजूद अधोसंरचना का उपयोग करते हुए महिला खुली जेल को तैयार किया गया है। फिलहाल यहां 25 महिला बंदिनियों के रहने की व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के तहत चयनित महिला बंदिनियों को रोजाना निर्धारित कार्यों के लिए जेल परिसर की ऊंची दीवारों से बाहर जाने की अनुमति होगी।

महिला बंदिनियां सुबह अपने काम के लिए बाहर निकलेंगी और दिनभर निर्धारित रोजगार से जुड़े कार्य करने के बाद शाम को लॉकअप के समय से पहले वापस जेल लौटेंगी।

सिलाई और ब्यूटी पार्लर में मिलेगा काम

महिला बंदिनियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जेल की मुख्य दीवारों के बाहर स्थित परिसर में अलग-अलग कार्यस्थल तैयार किए गए हैं। यहां सिलाई सेंटर में उन्हें सिलाई से जुड़े कार्य करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा ब्यूटी पार्लर में भी काम उपलब्ध कराया जाएगा।

जेल में तैयार किए जाने वाले विभिन्न उत्पादों के बिक्री केंद्र में भी महिला बंदिनियों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा उनकी क्षमता, रुचि और योग्यता के अनुसार अन्य वैकल्पिक रोजगार के साधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

सामान्य जेल से अलग होगी व्यवस्था

महिला ओपन जेल की कार्यप्रणाली सामान्य जेल से अलग होगी। यहां चयनित बंदिनियों को दिन के समय रोजगार के लिए बाहर जाने की सुविधा मिलेगी, जबकि शाम को निर्धारित समय से पहले उन्हें वापस जेल लौटना अनिवार्य होगा।

इस पहल का उद्देश्य महिला बंदिनियों को केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और सामान्य जीवन की ओर लौटने का अवसर देना भी है।

छत्तीसगढ़ में पहली बार शुरू हुई ऐसी व्यवस्था

छत्तीसगढ़ में महिला बंदिनियों के लिए अलग से खुली जेल की शुरुआत पहली बार रायपुर केंद्रीय जेल से की गई है। जेल प्रशासन के मुताबिक, उपलब्ध संसाधनों और अधोसंरचना का इस्तेमाल करते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।

शुभारंभ कार्यक्रम में जेल विभाग के अधिकारियों ने नई व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। अब चयनित महिला बंदिनियां सिलाई, ब्यूटी पार्लर, जेल उत्पादों की बिक्री सहित अन्य निर्धारित कार्यों से जुड़कर रोजगार हासिल कर सकेंगी।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button