पोषण तिहार में महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का कराया अन्नप्राशन

कुथरौद। जनपद सदस्य उमा अनंत ने अपने जनपद क्षेत्र एवं गृह ग्राम कुथरौद में आयोजित पोषण तिहार कार्यक्रम में महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। इस दौरान उन्होंने माताओं, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए पोषण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रूप से गोद भराई कर उन्हें फल, पौष्टिक आहार एवं आवश्यक सामग्री भेंट की गई। वहीं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर महिलाओं और परिजनों को गर्भावस्था से लेकर नवजात शिशु की देखभाल तक बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जागरूक किया गया।
स्वस्थ मां, स्वस्थ बच्चा ही मजबूत समाज की नींव
जनपद सदस्य उमा अनंत ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही मजबूत समाज की नींव हैं। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। भोजन में हरी सब्जियां, दाल, फल, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना जरूरी है। संतुलित आहार से मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

नवजात की उचित देखभाल जरूरी
उन्होंने कहा कि नवजात शिशु की उचित देखभाल परिवार की पहली जिम्मेदारी है। बच्चे के जन्म के बाद नियमित टीकाकरण, साफ-सफाई, स्तनपान और समय पर स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। बच्चे के बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास के लिए परिवार के साथ-साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को पोषण के प्रति जागरूक करते हुए कहा गया कि कुपोषण से बचाव केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि परिवार की जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से संभव है। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, महिलाएं, बच्चे एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



