कुकुरडीह लाइमस्टोन खदान में कर्मचारियों और श्रमिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

भाटापारा। भारतीय खान ब्यूरो, रायपुर के तत्वावधान में मेसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह सीमेंट वर्क्स की कुकुरडीह लाइमस्टोन खदान में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की शुरुआत खदान के कर्मचारियों एवं श्रमिकों द्वारा स्वच्छता की शपथ लेकर की गई। इस दौरान सभी ने संस्थान के साथ-साथ अपने घर, मोहल्ले और समाज को भी स्वच्छ रखने में योगदान देने का संकल्प लिया।
माइंस ऑफिस और मैगजीन क्षेत्र में पौधारोपण
अभियान के तहत खदान परिसर की साफ-सफाई के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में माइंस ऑफिस और मैगजीन क्षेत्र के आसपास विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें माइंस के कर्मचारियों और कॉन्ट्रेक्टर के कामगारों ने सहभागिता करते हुए करीब 580 पौधों का रोपण किया। पौधारोपण के माध्यम से खदान परिसर को हराभरा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी
कार्यक्रम में माइंस एजेंट अभिषेक भारद्वाज ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी को अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए स्वयं आगे आना चाहिए। स्वच्छ वातावरण से जीवन में आने वाली अनेक परेशानियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है।
माइंस प्रबंधक जय सचदेवा ने कहा कि स्वच्छता का अर्थ केवल सफाई करना नहीं, बल्कि इसे अपनी जीवनशैली और दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। स्वच्छता से शरीर स्वस्थ रहता है और तन के साथ मन की प्रसन्नता के लिए भी स्वच्छ वातावरण आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों और श्रमिकों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।



