RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

प्रदेश में लू का असर तेज, रायपुर समेत कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहा। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म जिला

मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 44.7 डिग्री, रायपुर और बिलासपुर में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री और जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

अगले तीन दिन जारी रहेगी हीटवेव

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया है। कई इलाकों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है।

29 मई से बदल सकता है मौसम

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की संभावना भी जताई है। 29 मई से प्रदेश में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अगले दो दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में यलो अलर्ट जारी

प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में मौसम बदलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के लिए सुबह 10 बजे तक यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर में आज भी भीषण गर्मी के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिनभर गर्म हवाएं चलने से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button