ओबीसी समाज ने 27 प्रतिशत आरक्षण और जातिगत जनगणना की मांग को लेकर भरी हुंकार
मिनी स्टेडियम में जुटे करीब 5 हजार लोग, विधायक विक्रम मंडावी ने ओबीसी समाज को बताया बस्तर की आदिम संस्कृति का हिस्सा

बीजापुर। सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज जिला इकाई बीजापुर के नेतृत्व में जिला मुख्यालय में विशाल आमसभा, धरना-प्रदर्शन और अधिकार रैली का आयोजन किया गया। जिलेभर से पहुंचे करीब 5 हजार लोगों ने मिनी स्टेडियम में आयोजित आमसभा में शामिल होकर ओबीसी समाज के अधिकारों और लंबित मांगों पर अपने विचार रखे।
आमसभा में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी शामिल हुए। उन्होंने ओबीसी समाज को बस्तर की आदिम संस्कृति का हिस्सा बताते हुए समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और क्षेत्र में उसकी ऐतिहासिक उपस्थिति को रेखांकित किया।वहीं, भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने पांचवीं अनुसूची क्षेत्र की ग्रामसभाओं में ओबीसी प्रतिनिधित्व की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आंदोलन और मेज पर बैठकर चर्चा करना दोनों अलग-अलग बातें हैं। आपसी विमर्श के जरिए उचित निर्णय का माहौल बनाया जा सकता है।
आमसभा के बाद मुख्य मार्ग से विशाल अधिकार रैली निकाली गई, जो कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसके साथ ही रैली का समापन हुआ।
ज्ञापन में समाज ने छत्तीसगढ़ में ओबीसी की आबादी 52 प्रतिशत से अधिक होने का दावा करते हुए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और आरक्षण व्यवस्था को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने की मांग की। इसके अलावा राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम निर्धारित कर जातिगत जनगणना कराने की मांग उठाई गई।



समाज ने पांचवीं अनुसूची के तहत मूलनिवासी समुदायों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ देने के साथ ही बस्तर में निवासरत ओबीसी समुदायों की संस्कृति, परंपरा, जमीन और संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही पेसा कानून के तहत स्वशासन के अधिकारों में ओबीसी समुदायों को भी शामिल करने की मांग रखी।
आयोजकों ने शासन-प्रशासन से समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण करने की अपील की।
इस दौरान सर्व पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष दिनेश पुजारी, बसंत राव ताटी, वेणुगोपाल राव, नकुल ठाकुर, मारुति कापेवार, मधु कटला, ए. सुधाकर, अशोक राव, राहुल मारगोनी, रामकुमार भोगमी, नीलम गणपतराव, पिलूराम पुजारी, नरेंद्र नायक, रामू पसपुल,आशीष पदमवार, जगदेव यादव, सिरोज विश्वकर्मा, एकनाथ सिंह ठाकुर, सुरेश कुड़मूल, सहदेव पुजारी, श्रीधर ठाकुर, श्यामनाथ यादव, दिनेश पल्ला, सुरेश कुमार, नरहरि ठाकुर, शिव, विजय, गोला हीरा सिंह यादव, सुरेश यादव, धनुर्जय यादव, संतु राम नाग, बुध सिंह विश्वकर्मा, नर्सिंग कुड़मूल, कृष्णा, नरेंद्र सिंह नायक, मनीराम यादव, धर्म सिंह, भगत नेवला, बैद्यनाथ सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी मौजूद थे।


