RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री ने कबीरधाम में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की मैराथन समीक्षा

किसानों को खाद की निर्बाध उपलब्धता और अवैध शराब कारोबार पर संयुक्त अभियान चलाने के दिए निर्देश

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने शनिवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए किसानों को सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग को अवैध शराब बिक्री और अवैध चखना दुकानों के खिलाफ पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने को कहा। गोठानों के पंजीयन का कार्य 10 अगस्त तक पूरा करने तथा जिले में मछली उत्पादन को 30 हजार मीट्रिक टन से बढ़ाकर 35 हजार मीट्रिक टन करने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जिले की अर्थव्यवस्था और जीडीपी बढ़ाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। नगरीय निकायों में लंबित पट्टा प्रकरणों का जल्द निराकरण करने तथा सरस्वती साइकिल योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण साइकिलों की ही आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा कराने, जनजागरूकता बढ़ाने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही रबी सीजन में गुलाबी चने के उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले की बिहान समूह की महिलाएं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रही हैं, जो प्रदेश का पहला ऐसा समूह है। उन्होंने इन महिला समूहों को अन्य कार्यों में भी अवसर देने के निर्देश दिए। साथ ही मरम्मत योग्य सड़कों का शीघ्र सुधार और सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने, राजस्व विभाग में पटवारियों की मुख्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, श्रमिक पंजीयन शिविर लगाने, शिक्षकों को मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने तथा अधिक से अधिक घरों में सोलर रूफटॉप पैनल लगाने के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद संतोष पाण्डेय ने धान खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने, अटल टिंकरिंग लैब का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने, सहकारी शक्कर कारखाने की उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा आयुष्मान भारत योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

वहीं, पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जर्जर आंगनबाड़ी भवनों का सर्वे कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने, छात्रावासों में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने, विद्यालय समय के बाद ही विभागीय बैठकें आयोजित करने तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे, इसके लिए सर्वे कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और जिला अधिकारियों ने भी विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा कर विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button