जिला अस्पताल की छत से कूदने वाली महिला की मौत

बलरामपुर : बलरामपुर से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां जिला अस्पताल में भर्ती 58 वर्षीय महिला ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, महिला को 27 अप्रैल को उल्टी और बुखार की शिकायत के चलते जिला चिकित्सालय बलरामपुर में भर्ती कराया गया था। 30 अप्रैल की दरम्यानी रात महिला अस्पताल की छत पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी।
घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में महिला को घटना से पहले छत पर अकेले टहलते हुए देखा गया है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।




