RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

उद्योग अनुकूल नीतियों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से विकास की राह पर छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 1 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित एक निजी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन किसी भी उद्योग को नई दिशा देने, आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और व्यापारिक अवसरों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज उद्योग और व्यापार के लिए देश के सबसे अनुकूल राज्यों में तेजी से उभर रहा है। राज्य सरकार की नई उद्योग नीति को देश और विदेश में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां उद्योग, व्यापार और उद्यमिता समान रूप से विकसित हों तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 नवाचार, कौशल विकास और व्यावसायिक साझेदारी का प्रभावी मंच बनकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञ, निर्माता, सप्लायर और व्यवसायी अपने अनुभव, तकनीक और नए उत्पाद साझा कर रहे हैं। इससे छत्तीसगढ़ के स्थानीय कारोबारियों को आधुनिक उपकरणों, नई डिजाइन और बाजार की बदलती जरूरतों को समझने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज टेंट और इवेंट उद्योग तेजी से बदल रहा है। आधुनिक तकनीक, आकर्षक डिजाइन और बेहतर प्रबंधन इस क्षेत्र की नई पहचान बन चुके हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव प्राप्त होंगे, जिससे उनका व्यवसाय और अधिक प्रतिस्पर्धी और मजबूत बनेगा।

उन्होंने कहा कि टेंट एवं इवेंट उद्योग देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विवाह समारोह, सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और शासकीय आयोजनों में इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। यह उद्योग केवल सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि लाखों लोगों की खुशियों और यादगार पलों से जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस क्षेत्र ने हजारों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध कराया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग इस व्यवसाय से जुड़े हैं। विशेष रूप से महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से टेंट व्यवसाय से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि “लखपति दीदी” अभियान के तहत आत्मनिर्भर बनी महिलाओं ने टेंट और इससे जुड़ी गतिविधियों को अपनी आजीविका का माध्यम बनाया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति देश के मध्य में होने के कारण यह व्यापार और लॉजिस्टिक्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। राज्य सरकार सड़क, रेलवे और हवाई संपर्क को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि उद्योग और व्यापार को नई गति मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वहीं कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत अधोसंरचना ही निवेश, उद्योग और रोजगार का सबसे बड़ा आधार होती है और राज्य सरकार इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह एक्सपो छत्तीसगढ़ के टेंट एवं इवेंट उद्योग को नई पहचान देगा और स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।

इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, रंजीत कौर दुआ समेत देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े व्यवसायी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button