वाहनों पर चालानी कार्रवाई: एक करोड़ 22 लाख रुपए का राजस्व वसूल किया गया

Share this

दुर्ग 10 नवम्बर 2022: अक्टूबर महीने में दुर्ग जिले का फ्लाइंग स्क्वाड राजस्व वसूली के मामले में अग्रणी रहा है। दुर्ग जिले में 4980 वाहनों का चालान किया गया और इसके माध्यम से 1 करोड़ 22 लाख रुपए की राजस्व वसूली की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए आरटीओ के परिक्षेत्र अधिकारी अनुभव शर्मा ने बताया कि अक्टूबर माह में ओवरलोडेड गाड़ियों के अलावा आरटीओ के अन्य मानदंडों के मुताबिक परिवहन दस्ते द्वारा सघन जांच की गई और मानदंडों पर खरा नहीं उतरने पर कार्रवाई की गई।

इस संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी विकास शर्मा ने बताया कि सघन जाँच अभियान चलाते हुए बारीकी से वाहनों की जाँच की गई और प्रकरण बनाये गये। ओवरलोड वाहनों पर जुर्माना लगाया गया। दुर्ग जिले में ऐसे 56 प्रकरण मालयान ओवरलोड के आये, इन प्रकरणों में 22 लाख 26 हजार रुपए का समझौता शुल्क वसूल किया गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा वाहनों की सघन जाँच की गई और खामियां पाये जाने पर 4746 वाहन चालान किये गये। इसके माध्यम से 76 लाख 91 हजार का समझौता शुल्क वसूल किया गया।

उन्होंने बताया कि आनलाइन माध्यम से 28 प्रकरणों में 13 लाख 21 हजार रुपए की वसूली हुई। ई चालान से 150 प्रकरणों में 9 लाख 75 हजार रुपए टैक्स वसूल किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में आरटीओ फ्लाइंग स्क्वाड द्वारा अक्टूबर महीने में 14 हजार 915 प्रकरणों में 3 करोड़ 82 लाख रुपए की राजस्व वसूली हुई है। कार्रवाई में और राजस्व वसूली के मामले में दुर्ग फ्लाइंग स्क्वाड प्रदेश में अग्रणी है। उल्लेखनीय है कि नवंबर माह में भी लगातार फ्लाइंग स्क्वाड द्वारा सघन जाँच अभियान चलाया जा रहा है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।