RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

CG Weather Update: प्रदेश में फिर सक्रिय होगा मानसून, कई जिलों में बारिश की संभावना

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। बदलते मौसम को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने रायगढ़ और महासमुंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

आज प्रदेश का औसत तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में नमी का स्तर 66 प्रतिशत और वायुमंडलीय दबाव 1003 मिलीबार दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने किसानों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खेतों में काम करने से बचने तथा आम नागरिकों को पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले घंटों में रायपुर, बिलासपुर, पेंड्रा और अंबिकापुर में घने बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। वहीं बस्तर और जगदलपुर संभाग में पिछले 24 घंटों से जारी मध्यम से भारी बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button