RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

CG Weather Update: गरज-चमक, तेज बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा, मौसम विभाग ने इन जिलों को किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव (डीप डिप्रेशन) के असर से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज और जमशेदपुर होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट पर बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

प्रदेश में अब तक सामान्य से 21% कम बारिश

पिछले 24 घंटों में रायपुर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। इसके बावजूद प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 21 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में नवागढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भटगांव, पिथौरा और भिलाईगढ़ में 7 सेमी, सरायपाली में 6 सेमी, अर्जुन्दा, सोनाखान, शिवरीनारायण, गिरौदपुरी, सरसींवा, बसना और राजनांदगांव में 5 सेमी, जबकि लाल बहादुर नगर, चांपा, जांजगीर, पामगढ़ और नगरी में 4 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। धमतरी, कुकरेल, पलारी, बिहनीडीह और घरघोड़ा में 3 सेमी बारिश दर्ज हुई।

रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button