RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

CG Monsoon Alert: रायपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेशभर में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के सभी संभागों में कहीं न कहीं वर्षा दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश हुई। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही।

सारंगढ़ में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश

बीते 24 घंटों में सारंगढ़ में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेंटीमीटर, सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेंटीमीटर तथा चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी 2 से 8 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।

17 जिलों के लिए यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है।

रायपुर में बादल और बारिश का अनुमान

राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा बिजली गिरने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button