यात्रियों को बड़ी राहत, जोधपुर-दिल्ली कैंट रूट पर दौड़ेगी 20 कोच वंदे भारत

जोधपुर। अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को जोधपुर से दिल्ली कैंट तक चलने वाली 20 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस नई ट्रेन के शुरू होने से दिल्ली रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर वेटिंग लिस्ट की समस्या में कमी आएगी। इस अवसर पर जैसलमेर स्थित नवनिर्मित कोच केयर कॉम्प्लेक्स का भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया गया।
समारोह के दौरान साबरमती-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का जैसलमेर तक विस्तार भी किया गया, जिसे दोनों मंत्रियों ने वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाई।
रेल मंत्री ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान से देशभर में बड़ी संख्या में लोग काम के लिए जाते हैं, ऐसे में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में चेन्नई, हैदराबाद और पुणे जैसी जगहों के लिए नई ट्रेनें शुरू की गई हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जोधपुर में कोचिंग टर्मिनल विकसित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में और नई ट्रेनें शुरू करने में सुविधा मिलेगी।
नई वंदे भारत ट्रेन की क्षमता को 8 कोच से बढ़ाकर 20 कोच कर दिया गया है, जिससे यात्रियों की संख्या लगभग 530 से बढ़कर 1440 तक पहुंच गई है।
इसके अलावा भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर कोचिंग टर्मिनल का काम भी शुरू हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में राजस्थान में स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों का संचालन भी संभव होगा।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि जोधपुर से हरिद्वार के लिए नई ट्रेन शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, जिसे आने वाले 10 महीनों में शुरू किया जा सकता है।



