छत्तीसगढ़
बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर, श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल हुआ जारी

रायपुर। श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक संचालित होगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन 5-5 फेरे लगाएगी, जिससे श्रावणी मेला में जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।
ऐसा रहेगा ट्रेन का शेड्यूल
गाड़ी संख्या 08895 (इतवारी–मधुपुर) प्रत्येक शनिवार 1, 8, 15, 22 और 29 अगस्त को सुबह 4:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन सुबह 6:00 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 08896 (मधुपुर–इतवारी) प्रत्येक रविवार 2, 9, 16, 23 और 30 अगस्त को सुबह 9:00 बजे मधुपुर से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:50 बजे इतवारी पहुंचेगी। वापसी यात्रा में भी ट्रेन रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
20 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 20 आधुनिक कोच लगाए गए हैं। इनमें 4 एसी थर्ड क्लास, 10 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआरडी (दिव्यांगजन एवं लगेज सह गार्ड) कोच शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य जानकारी की पुष्टि रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य कर लें, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और आरामदायक रहे।



