रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा और पेमेंट गेट-वे चलाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

रायपुर, 28 फरवरी 2026। रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और पेमेंट गेट-वे पैनल चलाने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की सामग्री जब्त की गई है और करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पैनल संचालित करने के साथ-साथ पेमेंट गेट-वे पैनल का भी संचालन कर रहा था। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल की लगातार मॉनिटरिंग में एसीसीयू की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और रणनीति बदलते हुए इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की।
दुबई से लौटकर चला रहे थे नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतीक कुमार वीधवानी और सैन्की देवड़ा हाल ही में दुबई से लौटे थे और रायपुर में बैठकर पेमेंट गेट-वे का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके अन्य साथी गोवा में किराये के मकान में ऑफिस बनाकर ऑनलाइन सट्टा पैनल और पेमेंट गेट-वे चला रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने गोवा में छापेमारी कर 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
431 म्यूल बैंक खातों का उपयोग
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सट्टे के पैसों के लेन-देन के लिए करीब 431 म्यूल बैंक खातों का उपयोग कर रहे थे। ग्राहकों से पैसे जमा कराने और निकासी के लिए अलग-अलग स्कैनर कोड और बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था।
क्रिप्टो करेंसी से विदेश भेजते थे पैसा
गिरोह सट्टे से कमाई गई रकम को क्रिप्टो करेंसी (USDT) के माध्यम से विदेशों में संचालित पैनलों तक भेजता था। अब तक की जांच में करीब 46,500 यूएसडीटी (लगभग 42 लाख रुपये) क्रिप्टो वॉलेट के जरिए संचालकों तक भेजे जाने का खुलासा हुआ है।
- लाखों का सामान जब्त
- पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
- 5 लैपटॉप
- 1 टैब
- 58 मोबाइल फोन/आईफोन
- 12 एटीएम कार्ड
- 3 राउटर
- 4 पासबुक
- एक बलेनो कार
- 24,600 रुपये नकद
सहित कुल लगभग 22.14 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
2026 में अब तक 22 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टा के 5 मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और लगभग 2.14 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।





