RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

बेमेतरा सीसी रोड विवाद: जांच के आदेश, जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज

रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी क्षेत्र में हाल ही में निर्मित सीसी रोड के अल्प समय में क्षतिग्रस्त होने की मीडिया रिपोर्ट्स पर गंभीर रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे प्रकरण की विस्तृत और समयबद्ध जांच कराने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि सीसी रोड का तकनीकी परीक्षण कर निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, गुणवत्ता मानकों और पर्यवेक्षण व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही, गुणवत्ता में कमी या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कर आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी विशेष समीक्षा की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रदेश सरकार ने संकेत दिए हैं कि निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण को और अधिक सख्त बनाया जाएगा, जिससे जनता को टिकाऊ और सुरक्षित आधारभूत संरचना मिल सके।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button