डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा: आईईडी विस्फोट में कांकेर डीआरजी के तीन जवान शहीद

कांकेर/बस्तर, 02 मई 2026।थाना छोटेबेठिया क्षेत्र, जिला कांकेर–नारायणपुर सीमा पर आज सुरक्षा बलों के डी-माइनिंग, एरिया डॉमिनेशन और सर्च ऑपरेशन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ऑपरेशन के दौरान आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के आकस्मिक विस्फोट में कांकेर डीआरजी (District Reserve Guard) के चार जवान घायल हो गए, जिनमें से तीन जवान शहीद हो गए।
शहीद जवानों की पहचान इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले के रूप में हुई है। वहीं, कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक Sundarraj P ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से मिली सूचनाओं और अन्य इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा बड़ी संख्या में पहले से छिपाए गए आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए गए हैं। इसके बावजूद आज सर्च एवं डिफ्यूजिंग अभियान के दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई।
उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा बल आईईडी को निष्क्रिय करने की कार्रवाई कर रहे थे, तभी वह अचानक विस्फोटित हो गया, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और सर्च ऑपरेशन को और अधिक सतर्कता के साथ तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में संभावित अन्य विस्फोटकों की तलाश में जुटी हुई हैं।



