RO.NO. 01
अंतर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमला, खैबर पख्तूनख्वा धमाके में 29 लोग हताहत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। हंगू जिले में बुधवार देर रात आतंकियों के एक समूह ने पुलिस चेकपॉइंट पर जोरदार हमला कर दिया, जिसमें सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च और क्लीयरेंस ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जिला पुलिस अधिकारी तारिक हबीब के अनुसार, हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में आठ आतंकवादी मारे गए, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हालांकि, अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आतंकवादियों की तलाश के लिए पूरे क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 23 जुलाई को भी खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले में एक सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती हमला हुआ था। विस्फोटकों से लदी गाड़ी के जरिए किए गए इस हमले में सुरक्षा बलों, पुलिस और वन विभाग के एक अधिकारी समेत कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 24 अन्य घायल हुए थे।

सूत्रों के मुताबिक, धमाका इतना शक्तिशाली था कि सुरक्षा चौकी पूरी तरह से ध्वस्त हो गई थी। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया था। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन आतंकवादियों को मार गिराया था।

इसके अलावा, 25 जुलाई को दक्षिण वजीरिस्तान जिले में भी आतंकियों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी के जरिए एक चेक पोस्ट पर हमला करने की कोशिश की थी। हालांकि, सुरक्षाबलों ने सतर्कता दिखाते हुए चेक पोस्ट के बाहर ही वाहन को नष्ट कर दिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

लगातार हो रहे आतंकी हमलों ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के महीनों में खैबर पख्तूनख्वा और आसपास के इलाकों में आतंकवादी गतिविधियों में तेजी देखी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button