
भाटापारा। बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम टोनाटार में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव घर में मिला, जहां उसके सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान रोहनी बाई बंजारे (50 वर्ष), पति लखन बंजारे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के साथ घर में रहती थी। बताया जा रहा है कि घर में ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह है, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है।
हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
फिलहाल महिला की हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस जांच पूरी होने और संदिग्ध की तलाश के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



