ढनढनी में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, किसानों को दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए किया गया प्रेरित

बलौदाबाजार : विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम ढनढनी में आज दिनांक 27 नवंबर 2026 को कृषि विभाग एवं अल्ट्राटेक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता तथा आत्मनिर्भर दलहन मिशन योजना के अंतर्गत कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित करना, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना तथा शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहकारी समिति के अध्यक्ष आशाराम वर्मा, ग्राम पंचायत ढनढनी के सरपंच प्रतिनिधि रंजीत ध्रुव, उपसरपंच भूपेंद्र साहू, पंचगण, सेवानिवृत्त वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड भाटापारा के भट्ट जी मुख्य प्रशिक्षक ADO सियाराम हिरवानी सर, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शिव कुमार वर्मा, अल्ट्राटेक कुकुरदी से CSR प्रमुख राजेंद्र कुशवाहा एवं दया वर्मा सहित 40 से अधिक कृषक उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान सेवानिवृत्त वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री भट्ट द्वारा किसानों को आत्मनिर्भर दलहन मिशन योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री शिव कुमार वर्मा ने कृषक उन्नति योजना एवं प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इस योजना के अंतर्गत दलहन एवं तिलहन फसलों जैसे सरसों, चना एवं मसूर की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने का प्रावधान है।

उन्होंने किसानों को ग्रीष्मकालीन धान की खेती के स्थान पर कम पानी में उत्पादित होने वाली दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकालीन धान की खेती से भू-जल स्तर में गिरावट आती है, जबकि कम पानी वाली फसलों के उत्पादन से जल संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि की जा सकती है। इन फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन द्वारा अनुदान की सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
मुख्य प्रशिक्षक ADO एस.आर. हिरवानी द्वारा प्राकृतिक खेती, जैविक खेती तथा एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM) के माध्यम से फसलों को कीट एवं रोगों से सुरक्षित रखने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अल्ट्राटेक CSR प्रमुख राजेंद्र कुशवाहा ने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसानों को प्रोत्साहन स्वरूप 50 एकड़ क्षेत्र में बुवाई हेतु हाइब्रिड सरसों बीज उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में किसानों की कृषि संबंधी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान किया गया। उपस्थित सभी किसानों से आगामी रबी सीजन में दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने, कम पानी वाली फसलों को अपनाने तथा शासन की कृषि योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की गई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने, जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने तथा उनकी आय में वृद्धि कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।



