15 करोड़ की रिश्वत का आरोप, हिमांशु पाठक से ED करेगी पूछताछ

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कथित रिश्वतखोरी के आरोपों की पड़ताल तेज कर दी है। मामले में गिरफ्तार वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को अदालत ने 6 दिनों की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। देर रात रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में पेशी के बाद सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को 28 नवंबर तक ईडी की हिरासत में सौंपने का आदेश दिया।
आधी रात तक चली सुनवाई, 6 दिन की मिली रिमांड
हिमांशु पाठक की गिरफ्तारी के बाद ईडी ने पूछताछ के लिए अदालत से कस्टडी की मांग की थी। इस दौरान अदालत में देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बहस चली। इसके बाद स्पेशल जज ने आधी रात को फैसला सुनाते हुए 6 दिन की रिमांड मंजूर कर दी। बताया जा रहा है कि रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में आधी रात तक सुनवाई चलने और इसी दौरान फैसला आने का यह पहला मामला है।
15 करोड़ की कथित रिश्वत के आरोपों की जांच
इस मामले में हिमांशु पाठक पर 15 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत लेकर केस को निपटाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह मामला महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आया था। अब ईडी इस कथित लेनदेन की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिश्वत की रकम किसके माध्यम से दी गई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।
दिल्ली समेत कई ठिकानों पर छापेमारी
हिमांशु पाठक की गिरफ्तारी के बाद ईडी ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली समेत कई स्थानों पर छापेमारी की है। इस दौरान कथित रिश्वतखोरी से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
अब 28 नवंबर तक चलने वाली पूछताछ में ईडी कथित 15 करोड़ रुपये की रिश्वत, संबंधित लोगों के संपर्कों और महादेव सट्टा ऐप मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर जानकारी जुटाएगी। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



