RO.NO. 01
बड़ी खबर

विधानसभा सत्र से पहले एक्शन में साय सरकार, 18 नवंबर को कैबिनेट बैठक में होंगे बड़े फैसले!

Ro no 03

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 18 नवंबर को कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित होगी। इसमें सभी मंत्री अपने-अपने विभागों से जुड़े प्रस्तावों के साथ शामिल होंगे। बैठक में कई महत्वपूर्ण नीतिगत और प्रशासनिक फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है।

आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए यह बैठक सरकार के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में अनुपूरक बजट से जुड़े प्रस्तावों के साथ विभिन्न विभागों के अहम प्रस्ताव भी मंत्रिमंडल के सामने रखे जा सकते हैं। हालांकि, इन प्रस्तावों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

किसानों से जुड़े मुद्दे भी रहेंगे अहम

कैबिनेट की पिछली बैठक में किसानों को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए थे। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का फैसला किया गया है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी का प्रावधान है।

इसके अलावा एग्रीस्टेक आईडी वाले पिछले वर्ष के पंजीकृत किसानों को धान बेचने के लिए दोबारा पंजीयन से राहत दी गई है। इस साल 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं, जिससे कुल 3100 केंद्रों के जरिए धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।

पिछली बैठक में कर्मचारियों को भी मिली बड़ी राहत

पिछली कैबिनेट बैठक में शासकीय सेवकों और उनके आश्रित परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। सूचीबद्ध अस्पतालों में कर्मचारियों को इलाज के लिए तत्काल भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी और पूर्व-अनुमोदन तथा दावों की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली बिल की रियायत जारी रखने, अधोसंरचना विकास, पर्यटन, रेल परियोजना और खेल क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया था।

अब 18 नवंबर की बैठक में सरकार किन नए प्रस्तावों को मंजूरी देती है और विधानसभा सत्र से पहले कौन से बड़े फैसले सामने आते हैं, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button