रामानुजगंज में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन आज रामानुजगंज सहित पूरे क्षेत्र के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही माता के दरबार में जय माता दी के जयकारे गूंज रहे हैं। खासकर रामानुजगंज स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है।
नवरात्र के पहले दिन घट स्थापना के साथ ही भक्तों ने मां महामाया के दरबार में मत्था टेका और सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे देवी धाम परिसर में जय माता दी के नारों से माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया है। मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो अभी तक लगातार जारी है।
नवरात्र के अवसर पर मंदिर समिति द्वारा विशेष पूजा-अर्चना और सजावट की भव्य व्यवस्था की गई है। वहीं भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।



