RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

समाज को सशक्त बनाने में सेवा और समर्पण की अहम भूमिका : सीएम साय

रायपुर। राजधानी के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत अंत्योदय सेवा वंदन पर्व, ‘अनकही कहानियां’ सांस्कृतिक प्रस्तुति एवं वीरगाथा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। समारोह में सेवा, समर्पण, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी प्रेरक कहानियों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर प्रदर्शित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवाभाव पर केंद्रित ‘नमो सेवा गाथा’ का भी मंचन हुआ।

मुख्यमंत्री साय ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों के साथ पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बलों, नागरिक सेवाओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सेवाभावी लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

अंत्योदय विकास यात्रा का मूल आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय का भाव विकास यात्रा का मूल आधार है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना तथा उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि स्वच्छता, स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में लोगों की बढ़ती भागीदारी अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दे रही है।

लोककला और देशभक्ति से सजा समारोह

समारोह में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कलाकारों ने लोकगीत, जसगीत, भजन, राउत नाचा, पारंपरिक समूह नृत्य, बांसुरी वादन और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मन मोह लिया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने लोकगीत और समूह नृत्य प्रस्तुत किए। वहीं दिव्यांग विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति समूह गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से लोगों की सराहना बटोरी। श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न समूहों के प्रतिभागियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

स्वच्छता पर आधारित विशेष प्रस्तुति के जरिए स्वच्छ और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शमा अंजुम की मौजूदगी भी कार्यक्रम का आकर्षण रही। ‘हमार संगी-साथी’ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। ड्रोन दीदी मती अंजना दास ने अपने पुत्र के साथ ‘मेरी यशोदा मैया’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी।

रायपुर के साथ आरंग, अभनपुर, धरसींवा और खरोरा क्षेत्र के कलाकारों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। विभिन्न अंचलों के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समारोह को लोककला और सामाजिक सहभागिता का व्यापक मंच बना दिया।

तीन नवाचारों का शुभारंभ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के दौरान रायपुर जिला प्रशासन के तीन नवाचारों ‘प्रोजेक्ट राहत’, ‘प्रोजेक्ट ध्वस्त’ और Advance AI – ‘ताकत है MY’ का शुभारंभ किया।

प्रोजेक्ट राहत के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को आरबीसी 6(4) के तहत मिलने वाली राहत राशि की प्रक्रिया को अधिक तेज और प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य आपदा प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना है।

प्रोजेक्ट ध्वस्त के तहत जिले में जर्जर और असुरक्षित भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

वहीं Advance AI – ‘ताकत है MY’ के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की पहल की गई है।

मुख्यमंत्री ने इन नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक और नवाचार का उद्देश्य तभी सार्थक है, जब उसका लाभ आम नागरिकों को तेजी और सरलता से मिले। उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सम्मानित नागरिकों, जवानों, समाजसेवियों और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा, साहस और समर्पण की कहानियां समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और सेवा संकल्प अभियान प्रदेश में जनसेवा एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को और मजबूत करेगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी, कलाकार और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button